सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपरिया में निःशुल्क गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

Khabar 24
By -


पिपरिया (कबीरधाम): माननीय उपमुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं कवर्धा के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि विजय शर्मा जी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिपरिया में निःशुल्क गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

इस शिविर में 102 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी जांच की गई। जांच के दौरान उन्हें गर्भावस्था की स्थिति, भ्रूण के विकास और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किए गए। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई, जिससे उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की शीघ्र पहचान हो सकेगी और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिलेगा।

शिविर के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 10 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनसामान्य से नियमित स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित मातृत्व सेवाओं का लाभ लेने तथा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद चंद्रवंशी ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

डॉ. चंद्रवंशी ने कहा, 19 जुलाई को सीएचसी पिपरिया में आयोजित इस शिविर को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए पूरी टीम को बहुत-बहुत धन्यवाद। आप सभी की मेहनत और सेवा भाव के कारण सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल सका है। इस शानदार टीम वर्क के लिए आप सभी का हार्दिक आभार।



Tags: