कबीरधाम: महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कबीरधाम पुलिस ने थाना लोहारा क्षेत्र में एक जघन्य मामले का शीघ्र खुलासा किया है। आरोपी को मात्र 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना लोहारा प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
14 जुलाई 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना लोहारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल (पिता भगवानी चंदेल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ढोढमानवापारा) ने उपचार के बहाने उसकी मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और अपराध क्रमांक 97/2026, धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। साक्ष्यों के संकलन के बाद 15 जुलाई 2026 को आरोपी बालक दास चंदेल को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय कवर्धा के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट, आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू एवं बिसेन छेदावी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कठोर एवं त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


