कवर्धा, 13 जुलाई 2026: जिला कबीरधाम में विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह के पहले दिन धमकी हाई स्कूल में 17 किशोरी बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन लगाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार 13 से 18 जुलाई तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से लड़कियों को सुरक्षा प्रदान करना है।
यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है, जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। टीकाकरण कार्यक्रम खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद चंद्रवंशी और BPM श्री सौरभ तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी की टीम ने विद्यालय प्रबंधन और छात्राओं के सहयोग से टीकाकरण सुचारू रूप से पूरा किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को HPV संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अफवाहों और भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया गया कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है।
डॉ. विनोद चंद्रवंशी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र किशोरियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा, “समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। समाज की हर पात्र बालिका तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र किशोरियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 13 से 18 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह का लाभ उठाएं और अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या विद्यालय में संपर्क कर टीकाकरण कराएं।
एक छोटा सा टीका, बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा।

