कलेक्टर मैडम द्वारा सीएचसी बोड़ला का औचक निरीक्षण

Khabar 24
By -


आज कलेक्टर मैडम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बोड़ला का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मैडम ने दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया और दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डॉक्टरों से यह भी पूछा कि केंद्र में किस प्रकार के मरीज अधिक संख्या में आते हैं।

प्रसव कक्ष का निरीक्षण करते हुए भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली गई। प्रसूता महिला को महतारी नन्हा किट प्रदान किया गया। लैब का निरीक्षण करते हुए मैडम ने यह जाना कि केंद्र में कितने प्रकार की जांचें की जाती हैं तथा रिपोर्ट कितने समय में उपलब्ध कराई जाती है।

पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में गंभीर तथा मध्यम कुपोषित बच्चों के परिजनों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान एनआरसी में एसी लगाए जाने की बात भी कही गई। महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से हाल-चाल पूछा गया। एक्स-रे कक्ष का भी निरीक्षण किया गया।

नेत्र विभाग में दी जा रही सेवाओं के बारे में नेत्र सहायक अधिकारी से जानकारी ली गई तथा चश्मा प्रदान करने की प्रक्रिया के बारे में पूछा गया। सोनोग्राफी मशीन के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।

निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर मैडम ने सीएचसी बोड़ला में मरीजों को दी जा रही सेवाओं पर संतुष्टि व्यक्त की तथा साफ-सफाई को संतोषजनक बताया।

बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत ने बताया कि कलेक्टर मैडम ने बहुत ही बारीकी से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली तथा भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक सहयोग देने की बात कही।




Tags: