
कबीरधाम (छत्तीसगढ़)। 20 अक्टूबर 2026।
जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस ने अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। चौकी दशरंगपुर (थाना पिपरिया) पुलिस ने युवक से मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटने के मामले में आरोपी धर्मेन्द्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से कुल 70 हजार रुपये की लूटी गई संपत्ति बरामद की गई है।
प्रार्थी दिनेश वर्मा (निवासी ग्राम भीमपुरी, जिला बेमेतरा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर 2026 की रात्रि दशरंगपुर स्थित गौधाम के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका रास्ता रोक लिया। अश्लील गाली-गलौज के साथ मारपीट करने के बाद उसने उनकी डिस्कवर मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गया। दोनों वस्तुओं की कुल कीमत लगभग 70,000 रुपये बताई गई।
इस शिकायत पर चौकी दशरंगपुर में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2) एवं 309(4) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र निषाद (निवासी ग्राम दशरंगपुर) की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के अनुसार उसके कब्जे से लूटी गई डिस्कवर मोटरसाइकिल तथा वीवो मोबाइल फोन गवाहों के समक्ष जप्त किए गए।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सफल कार्यवाही में दशरंगपुर पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
जिला पुलिस का कहना है कि अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
