कबीरधाम: केसरवानी कोचिंग में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को दी गई ऑनलाइन ठगी से बचाव की ट्रेनिंग

Khabar 24
By -

 


कबीरधाम (छत्तीसगढ़), 17 अगस्त 2026। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला पुलिस ने ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत आज केसरवानी कोचिंग क्लासेस में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देश पर साइबर थाना कबीरधाम की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड कभी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक या एपीके फाइल पर क्लिक करने से बचें तथा अनजान नंबरों से आने वाली व्हाट्सएप वीडियो कॉल से सतर्क रहें। साइबर टीम ने साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। साथ ही विद्यार्थियों से कहा गया कि वे अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी इन बातों से अवगत कराएं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने क्यूआर कोड स्कैन कर ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुड़ते हुए सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर अपलोड कर डिजिटल सुरक्षा का संदेश फैलाया।

कबीरधाम जिले के सभी थाना, चौकी और साइबर थाना आने वाले दिनों में भी विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का अभियान जारी रखेंगे।


Tags: