होली किंगडम स्कूल, कवर्धा के पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत

Khabar 24
By -
0



कवर्धा (छत्तीसगढ़)। भारतीय ड्रॉपरोबाल महासंघ द्वारा गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय ड्रॉपरोबाल चैंपिनशिप में होली किंगडम स्कूल, कवर्धा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक और ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर स्कूल परिसर में बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय ड्रॉपरोबाल चैंपिनशिप गत दिनों गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में आयोजित की गई, जिसमें पूरे भारत के 12 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। होली किंगडम स्कूल, कवर्धा से पांच खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया।

स्कूल के खेल प्रशिक्षक साहिल खान ने बताया कि सिंगल वर्ग में आदित्य कौशिक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 राज्यों को हराते हुए फाइनल मुकाबले में आंध्र प्रदेश को 11-4 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं ट्रिपल वर्ग में नमन नाहर, आयुष धुर्वे, हर्ष तम्बोली और नमन ठाकुर की टीम ने 6 राज्यों को मात देकर फाइनल में महाराष्ट्र को 11-6 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

इन खिलाड़ियों ने न केवल व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में सफलता प्राप्त की, बल्कि पूरे प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब भी अपने नाम किया।

इस खुशी के मौके पर विद्यालय के निर्देशक पास्टर जोश थामस और सह-निर्देशिका लिजी थामस के नेतृत्व में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। बाजे-गाजे के साथ स्कूल परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में सभी शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों को पुष्पमालाएं पहनाई गईं और शुभकामनाएं दी गईं।

निर्देशक पास्टर जोश थामस ने विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि ये उपलब्धि न केवल स्कूल के लिए गौरव की बात है, बल्कि छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस उपलब्धि पर समूचे स्कूल परिवार ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके भावी प्रयासों में सफलता की मंगलकामना व्यक्त की।

होली किंगडम स्कूल, कवर्धा
छत्तीसगढ़


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)