रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने छत्तीसगढ़ यूसीसी प्रस्ताव के खिलाफ कांग्रेस नेतृत्व से की मुलाकात

Khabar 24
By -




 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने आज 18 नवंबर 2026 को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर मुस्लिम समुदाय की संवैधानिक, धार्मिक एवं वैयक्तिक चिंताओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद दीपक बैज से मुलाकात की गई।

मुलाकात के दौरान रज़ा यूनिटी फाउंडेशन की ओर से समान नागरिक संहिता के विरोध में तैयार किया गया विस्तृत विरोध पत्र एवं 11 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आधारित पक्ष कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुस्लिम समुदाय की निकाह, तलाक, खुला, मेहर, इद्दत, विरासत एवं अन्य पारिवारिक व्यवस्थाएं मुस्लिम पर्सनल लॉ तथा शरीयत के अनुरूप संचालित होती हैं। ऐसे में समान नागरिक संहिता के माध्यम से सभी समुदायों पर एक समान पारिवारिक कानून लागू करने से धार्मिक स्वतंत्रता एवं संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों से जुड़े गंभीर प्रश्न उत्पन्न हो सकते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने के किसी भी प्रस्ताव का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक स्तर पर विरोध किया जाए तथा मुस्लिम समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता और मुस्लिम पर्सनल लॉ के संरक्षण के पक्ष में प्रभावी भूमिका निभाई जाए।

इस अवसर पर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक शादाब आलम रज़वी, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इकबाल अंसारी, लीगल एडवाइजर एडवोकेट नौशाद सिद्दीकी, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शहज़ाद अली शेख, महासचिव रकीब गुलज़ार (रिंकू) एवं जिला अध्यक्ष रकीब अंसारी उपस्थित रहे।