कबीरधाम। विकासखंड बोड़ला में 26 नवम्बर 2026 को उपमुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर मेगा हेल्थ कैंप का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कबीरधाम के निर्देशानुसार तथा अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला स्तर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसमुदाय को एक ही स्थान पर बेहतर, सुलभ और निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न बीमारियों की समय पर जांच, पहचान और उपचार सुनिश्चित करना था।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के साथ-साथ नेत्र परीक्षण, गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क सोनोग्राफी तथा दंत परीक्षण व उपचार की सुविधाएं दी गईं।
प्रदान की गई स्वास्थ्य सेवाओं का विवरण:
- कुल ओपीडी: 196
- गर्भवती माताओं की जांच: 146
- गर्भवती माताओं की सोनोग्राफी: 105
- हाई रिस्क गर्भवती माताएं: 06
- नेत्र परीक्षण: 22
- चश्मा वितरण: 03
- दंत परीक्षण: 10
- लैब पैथोलॉजी जांच: 66
- चेस्ट एक्स-रे: 15
कार्यक्रम के संचालन एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सिंह राजपूत (बीएमओ बोड़ला), रूपेश कुमार साहू (बीपीएम), मानिक चंद्रवंशी (बीटीईओ) के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, जिला स्वास्थ्य टीम, फील्ड स्तर के स्वास्थ्य कर्मचारी तथा आशा मितानिन दीदियों के सहयोग से कैंप सफल रहा।

