बोड़ला में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

Khabar 24
By -


बोड़ला: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को पोलियो की दवाई की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र तुरे के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की तैयारी की गई थी। डिजिटल वीडियो, बैनर, पोस्टर तथा दीवार लेखन के माध्यम से वनांचल और मैदानी क्षेत्रों में जानकारी पहुंचाई गई।

28 जून 2026 को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लव निर्मलकर, सांसद प्रतिनिधि नरेश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बोड़ला बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत ने बताया कि बोड़ला ब्लॉक में अभियान को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। शहरी क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया गया ताकि 0 से 5 वर्ष तक के कोई भी बच्चा दवाई पिलाने से वंचित न रह जाए।

अभियान की रूपरेखा के अनुसार पहले दिन बूथ स्तर पर बच्चों को दवाई पिलाई जाएगी। दूसरे दिन छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवाई दी जाएगी तथा तीसरे दिन भी यदि कोई बच्चा छूट जाता है तो उसे पोलियो की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में नगर पंचायत सभापति संदीप गुप्ता, गौतम गुप्ता, शिवा केशरवानी, जिला से डीपीएम अनुपमा तिवारी, अस्पताल स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।

संदेश: भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में पोलियो अभी भी मौजूद है। बच्चों की सुरक्षा के लिए हर बार पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में योगदान दें।